नगर पालिका की ओर से अवस्थापना निधि से कराया गया है निर्माण
रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने 28 लाख रूपये की लागत से बनकर तैयार हुई सड़क का उदघाटन किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क काफी समय से कालोनी वालों की मांग की थी, जिसके बाद अब यह बनकर तैयार हो गई है। इससे लोगों को न सिर्फ आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि यह सुनियोजित विकास की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।
नगर पालिका क्षेत्र में नई कालोनियों की हालत खस्ता है। कच्चे रास्ते होने और नालियां न होने की वजह से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें होती हैं। कुछ ऐसा ही हाल डायमंड के पास बनी कालोनी का था, जहां बरसात के दिनों में कीचड़ हो जाती थी। स्कूली बच्चों की ड्रेस खराब हो जाती थीं। ऐसे में क्षेत्रीय बाशिंदों ने शहर विधायक आकाश सक्सेना से सड़क बनवाने की मांग की थी, जिसके बाद विधायक ने सड़क का प्रस्ताव नगर पालिका को भेज दिया। नगर पालिका की ओर से इस सड़क का निर्माण कराया गया। शनिवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने फीता काटकर सड़क का उदघाटन किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। पहले जहां कच्चे रास्ते और जलभराव जैसी समस्याओं से लोग परेशान रहते थे, वहीं अब पक्की सड़क बनने से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्य केवल एक सड़क का निर्माण नहीं, बल्कि सुनियोजित और व्यवस्थित शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

