रिपोर्ट – शशिकांत शर्मा(शुभम)
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा पुलिस ने लूट की वारदात का 12 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया गया है जानकारी के मुताबिक, यह घटना 15 सितंबर 2026 को हुई थी। देवल मोहल्ला निवासी 47 साल के देवेंद्र कुमार जांगड़े ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि रात में सरकारी अस्पताल के सामने वाली गली में दो युवकों ने उनसे मोबाइल फोन और पैसे छीन लिए थे। इस शिकायत पर सिवनी मालवा थाने में केस नंबर 632/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साईकृष्ण
थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर एक पुलिस टीम बनाई गई।
टीम ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ की और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान पुलिस ने अन्नू उर्फ आशीष कुचबंदिया और राजा कुचबंदिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस दोनों आरोपियों को मौका मुआयना कराने के लिए घटनास्थल पर ले
जा रही थी। रेवा कॉम्प्लेक्स के पास अचानक पुलिस की गाड़ी बंद हो गई। इसके बाद थाना प्रभारी नवीन पांडे की मौजूदगी में आरोपियों को पैदल ही घटनास्थल तक ले जाया गया। पैदल ले जाते समय उनके चेहरे ढके हुए थे। इस दौरान आरोपियों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे कह रहे हैं, “अब लूट नहीं करेंगे, नहीं तो पुलिस देगी कूट।”
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अन्नू उर्फ आशीष के खिलाफ सिवनी मालवा थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें केस नंबर 692/2021, 658/2023, 123/2026, 412/2026, 631/2026 और मौजूदा केस नंबर 632/2026 शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अन्नू उर्फ आशीष कुचबंदिया (22 साल) और राजा कुचबंदिया (20 साल) के रूप में हुई है। दोनों कुचबंदिया मोहल्ला, सिवनी
मालवा के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय सिवनी मालवा में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(3), 296(b), 115(2), 351(3) और 3(5) सहित
संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पांडे, उप निरीक्षक नागेश कुमार वर्मा, सहायक उप निरीक्षक उमेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रीतम बाबरिया और आरक्षक अभिषेक आठले की भूमिका रही।
