Homeउत्तर प्रदेशसाइबर ठगी से बचने के तरीके बताए, युवाओं को दी मुकदमों से...

साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए, युवाओं को दी मुकदमों से बचने की नसीहत

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट में व्यापारी सुरक्षा फोरम के सहयोग से साइबर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं और कॉलेज स्टाफ को साइबर ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं से इंटरनेट का इस्तेमाल पढ़ाई और भविष्य संवारने के लिए करने का आह्वान किया।

संगोष्ठी में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने कहा कि साइबर अपराधी फर्जी फोन कॉल, व्हाट्सऐप संदेश, लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट और बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऑनलाइन निवेश, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के जरिये होने वाली धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी, बैंक संबंधी विवरण या गोपनीय जानकारी साझा न करें।

उन्होंने युवाओं को अपने भविष्य के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसा कोई काम न करें, जिससे उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की स्थिति बने। मुकदमा दर्ज होने पर पासपोर्ट, विदेश यात्रा और सरकारी सेवाओं से जुड़ी परेशानियां सामने आ सकती हैं। उन्होंने युवाओं को अनावश्यक रूप से गेम खेलने और रील बनाने के बजाय इंटरनेट का उपयोग पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने में करने की सलाह दी।

एसपी क्राइम ने मोबाइल और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि कई अधिकारी भी अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक करने से बचते हैं, क्योंकि इससे निजता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने डिजिटल खातों और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा को गंभीरता से लेने को कहा।

साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह ने कहा कि युवाओं को जिज्ञासु बनने के साथ अपनी बात खुलकर कहने की आदत डालनी चाहिए। किसी साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर झिझकने के बजाय तुरंत शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से मिली प्रत्येक जानकारी साइबर अपराध की रोकथाम में मदद करती है।

कार्यक्रम में कॉलेज प्रधानाचार्य संदीप मित्तल और स्टाफ ने एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ तथा इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। व्यापारी सुरक्षा फोरम की ओर से विश्वदीप गोयल और राजकुमार रहेजा ने अतिथियों का आभार जताया।

संगोष्ठी में मनोज गुप्ता, डॉ. संजय अग्रवाल, शुभ गर्ग, अखिल सिंघल, राजीव गर्ग, मनेश एडवोकेट समेत अन्य लोग मौजूद रहे। व्यापारी सुरक्षा फोरम ने पुलिस और प्रशासन के सहयोग से भविष्य में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments