Homeउत्तर प्रदेशसरयू नदी के कटान प्रभावित हेतमापुर पहुंचे डीएम व एसपी, राहत एवं...

सरयू नदी के कटान प्रभावित हेतमापुर पहुंचे डीएम व एसपी, राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा

रिपोर्ट – मोहम्मद नसीम

बाराबंकी। जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय ने तहसील रामनगर अन्तर्गत सरयू नदी के कटान से प्रभावित ग्राम हेतमापुर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मौके पर बाढ़ खण्ड द्वारा कटान को रोकने एवं प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का अवलोकन करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान अधिशासी अभियंता, बाढ़ खण्ड ने जिलाधिकारी को सरयू नदी के कटान को नियंत्रित करने के लिए अब तक किए गए सुरक्षात्मक कार्यों एवं विभाग द्वारा निरंतर किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि कटान को न्यूनतम स्तर तक सीमित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए 24×7 सतर्कता एवं सतत प्रयास जारी रखे जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटान की स्थिति पर निरंतर नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रामनगर को निर्देशित किया कि कटान के कारण जिन ग्रामवासियों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था के लिए भूमि का चिन्हांकन करते हुए पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे उपलब्ध कराए जाएं तथा उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाते हुए आवास स्वीकृत कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं भोजन की व्यवस्था निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता से वंचित न रहने दिया जाए। प्रशासन द्वारा राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता, बाढ़ श्री प्रभाकर प्रसाद, अधीक्षण अभियंता श्री डी.के. वर्मा, उपजिलाधिकारी रामनगर सुश्री आकांक्षा गुप्ता, अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड श्री शशिकान्त सिंह, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments