Homeउत्तर प्रदेशश्रीराम कॉलेज में क्रिकेट का रोमांच शुरू, पहले दिन सहारनपुर कैंपस और...

श्रीराम कॉलेज में क्रिकेट का रोमांच शुरू, पहले दिन सहारनपुर कैंपस और एचआईटी ने जीते मुकाबले

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में शनिवार को मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की अंतरमहाविद्यालय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता का उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। पांच दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 10 महाविद्यालयों की टीमें मैदान पर दमखम दिखाएंगी। पहले दिन खेले गए दो नॉकआउट मुकाबलों में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय परिसर की टीम और एचआईटी, नकुड़ ने जीत दर्ज की।

श्रीराम कॉलेज के मैदान पर 24 से 28 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन और खेल भावना के साथ खेलने की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

पहले मैच में सहारनपुर कैंपस ने 39 रन से मारी बाजी

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर कैंपस और चौधरी छोटूराम डिग्री पीजी कॉलेज, मुजफ्फरनगर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सहारनपुर कैंपस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में सभी विकेट खोकर 108 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चौधरी छोटूराम कॉलेज की टीम दबाव में बिखर गई और 11.1 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह सहारनपुर कैंपस ने 39 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दूसरे मैच में एचआईटी नकुड़ की आसान जीत

दूसरे मुकाबले में आईआईएमटी, सहारनपुर और एचआईटी, नकुड़ की टीमें आमने-सामने आईं। आईआईएमटी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम 11 ओवर में 53 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचआईटी, नकुड़ की टीम ने पांच विकेट खोकर 12.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

कॉलेज को मेजबानी मिलने पर जताया गर्व

श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने कहा कि मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेज को अंतरमहाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गर्व की बात है। कॉलेज प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग करेगा। उपप्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर अपने महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

विश्वविद्यालय की ओर से प्रतियोगिता पर्यवेक्षक डॉ. शरद चौधरी मौजूद रहे। कॉलेज के आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। मुकाबलों में पलक शर्मा और रवि कौशिक ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि सुहैल त्यागी स्कोरर रहे।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित प्रवक्ता भूपेंद्र कुमार, डॉ. अब्दुल अजीज खान, संदीप कुमार, अमरदीप, तरुण और प्रशांत उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments