रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत शुकतीर्थ स्थित गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वामी कल्याण देव इंटर कॉलेज और महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज, मोरना के छात्र-छात्राओं ने घाट और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान कर सफाई की। अभियान के दौरान लोगों को गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश और प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग अभिनव राज के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर गोपाल दास महाराज और विज्ञानानंद महाराज ने गंगा स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। संतों ने लोगों से गंगा और उसके घाटों को कूड़ा मुक्त रखने का आह्वान किया।
जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व और नमामि गंगे कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। क्षेत्रीय वन अधिकारी मोरना रेंज रविकांत चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला गंगा समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। गंगा सेवा समिति के महामंत्री महकार जी और गंगा विचार मंच के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता की।
वन विभाग के वन दरोगा सुनील कुमार, नंदकिशोर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी श्रमदान किया। जिला गंगा समिति के अनुसार गंगा नदी और घाटों की स्वच्छता, संरक्षण तथा जनजागरूकता के लिए नियमित रूप से अभियान चलाए जा रहे हैं।
