रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शाहपुर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छह विदेशी पिस्टल, तीन देशी तमंचे, एक मस्कट और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मेरठ के एक व्यक्ति से हथियार खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचते थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हथियारों की सप्लाई करने वाले व्यक्ति और गिरोह के अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को शाहपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव सोरम के गेट नंबर-दो स्थित यात्री प्रतीक्षालय में कुछ लोग अवैध हथियारों की सप्लाई करने के लिए पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के गांव बपारसी निवासी आकाश उर्फ शुगनू, गांव अटेरना निवासी सनी और शुभम तथा गांव पथौली निवासी निखिल उर्फ निक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेरठ से खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचते थे हथियार
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने मेरठ निवासी एक व्यक्ति से विदेशी पिस्टल और तमंचे खरीदने की बात स्वीकार की है। उनके मुताबिक, वे मांग के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर हथियार ऊंचे दामों में बेचकर अवैध कमाई करते थे। पुलिस अब हथियारों की खरीद और सप्लाई की पूरी कड़ी खंगाल रही है।
आकाश पर हत्या समेत कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश उर्फ शुगनू के खिलाफ बिजनौर और मेरठ में लूट, हत्या के प्रयास, हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। निखिल उर्फ निक्की का भी मेरठ में एक अन्य मुकदमे का आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस चारों आरोपियों का विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विशाल यादव, दीपक चौधरी समेत शाहपुर थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
