Homeउत्तर प्रदेशशाहजहांपुर में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध,...

शाहजहांपुर में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध, सहकारिता विभाग ने जारी की अपील

शाहजहांपुर। खरीफ सीजन को देखते हुए सहकारिता विभाग ने किसानों को राहत भरी खबर दी है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता डॉ. गणेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद शाहजहांपुर की सहकारी समितियों पर यूरिया, डीएपी और एनपीके उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार समितियों पर उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

डॉ. गणेश गुप्ता ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक खरीदने के लिए अपनी निकटतम सहकारी समिति पर जाते समय अपनी फार्मर आईडी अवश्य साथ लेकर जाएं, ताकि निर्धारित मानकों के अनुसार उन्हें उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद के पीसीएफ बफर गोदाम में लगभग 9000 मीट्रिक टन यूरिया तथा 9500 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक (डीएपी एवं एनपीके) उपलब्ध है। आवश्यकता के अनुसार जिलाधिकारी से आवंटन प्राप्त कर इन उर्वरकों को लगातार जनपद की सहकारी समितियों तक भेजा जा रहा है।

सहकारिता विभाग ने किसानों से यह भी अनुरोध किया है कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें, जिससे सभी किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके और किसी प्रकार की कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

उर्वरक वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए किसान कार्यालय सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता के दूरभाष नंबर 9140706109 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

विभाग का कहना है कि किसानों की मांग के अनुरूप सहकारी समितियों पर लगातार उर्वरक भेजे जा रहे हैं और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments