रिपोर्ट – प्रदीप श्रीवास्तव
बहराइच। राष्ट्र सेविका समिति, बहराइच विभाग द्वारा विजयदशमी उत्सव के पावन अवसर पर नगर में भव्य एवं अनुशासित पथ संचलन का आयोजन किया गया, पूर्ण गणवेश में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ती सेविकाओं का नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाबू सुंदर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी लखनऊ की अध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह तथा मुख्य वक्ता के रूप में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की क्षेत्र प्रचारिका सुश्री शशि दीदी उपस्थित रहीं,विभाग कार्यवाहिका श्रीमती सुनीता सिंह ने कहा कि अनुशासित संचलन से सशक्त समाज और सशक्त समाज से ही एक समर्थ व अजेय राष्ट्र का निर्माण संभव है उन्होंने कार्यक्रम में पधारे हुए सभी अतिथियों, प्रबुद्ध नागरिकों और समिति की बहनों के प्रति आभार ज्ञापित किया।
तदुपरांत सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में प्रार्थना के पश्चात पथ संचलन का शुभारंभ हुआ। घोष की धुन और कदमताल के साथ संचलन इंदिरा स्टेडियम, गुरु नानक चौक, छोटी बाजार, ऐतिहासिक घंटाघर, पीपल तिराहा, कलेक्ट्रेट डीएम तिराहा तथा पानी टंकी होते हुए पुनः सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों व नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया विद्यालय परिसर में भारत माता की सामूहिक आरती के उपरांत कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।इस अवसर पर जिला कार्यवाहिका शीला वर्मा, जिला शारीरिक प्रमुख प्रेरणा, विभाग सेवा प्रमुख मंजू, नानपारा जिला कार्यवाहिका प्रियंका, मनीषा खन्ना, श्रुति, अंजलि, रेखा, रीना, नीलम, सुधा सहित बड़ी संख्या में समिति की सेविकाएं एवं नगर की मातृशक्ति उपस्थित रहीं।
