Homeउत्तर प्रदेशरामपुर तिराहे पर पकड़ी 380 किलो आतिशबाजी, सहारनपुर का युवक गिरफ्तार

रामपुर तिराहे पर पकड़ी 380 किलो आतिशबाजी, सहारनपुर का युवक गिरफ्तार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। त्योहारों से पहले अवैध पटाखों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच छपार पुलिस ने रामपुर तिराहे पर महिंद्रा पिकअप से 380 किलोग्राम आतिशबाजी बरामद की है। पुलिस ने गाड़ी से 16 कार्टून पटाखे बरामद करते हुए सहारनपुर के एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी पटाखों के भंडारण और परिवहन से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि सहारनपुर की ओर से आ रही महिंद्रा मैक्स पिकअप में बिना लाइसेंस पटाखे लाए जा रहे हैं। इनकी मुजफ्फरनगर शहर में बिक्री की तैयारी है। सूचना मिलते ही छपार पुलिस ने रामपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सहारनपुर की तरफ से आती पिकअप को रुकवाकर तलाशी ली गई।

तिरपाल हटाते ही मिले पटाखों के कार्टून

पिकअप पर तिरपाल डालकर कार्टून छिपाए गए थे। पुलिस ने तिरपाल हटाकर जांच की तो छोटे-बड़े 16 कार्टूनों में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे मिले। इनमें ग्राउंड चक्कर, फ्लावर, मैजिक फाउंटेन, रॉकेट, स्पार्कलर्स, फाउंटेन पॉट्स और कई तरह की आतिशबाजी शामिल थी। पुलिस ने बरामद पटाखों का कुल वजन करीब 380 किलोग्राम बताया है।

गाड़ी चला रहे युवक की पहचान विशुल पुत्र उदय भारती, निवासी अलीपुरा दामको, थाना बेहट, जिला सहारनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उससे पटाखों के भंडारण और परिवहन का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज

छपार थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी मोहित कुमार, उपनिरीक्षक सुभाष चंद, आरक्षी जितेंद्र सिंह और आरक्षी विनोद कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments