रिपोर्ट – संदीप वर्मा
बाराबंकी। बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ से अयोध्या राजमार्ग पर बादीनगर चौराहा (बड़ेल) के पास सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नरायणा हॉस्पिटल के समीप कालिका हवेली के पास एक तेज रफ्तार नेक्सॉन ईवी कार ने सड़क किनारे खाद लाद रहे लोगों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में वाइट फेदर्स स्कूल के अकाउंटेंट और एक खाद की दुकान के सहायक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में बैठे स्कूल के प्रिंसिपल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार सवार पति-पत्नी अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर जिले के थाना तालगांव अंतर्गत
ग्राम नियामूपुर निवासी हिमांशू वर्मा (30) पुत्र शिवबरन लाल
वर्मा वैगन-आर कार से लखनऊ से टिकैत नगर जा रहे थे।
कार में उनके साथ दरियाबाद इमिलिहा के निवासी और स्कूल
के प्रिंसिपल विनय तिवारी भी सवार थे। हिमांशू टिकैत नगर के
वाइट फेदर्स स्कूल में अकाउंट्स का काम देखते थे।
सुबह करीब 10:00 बजे बादीनगर चौराहा के पास नरयना
हॉस्पिटल के समीप यूरिया खरीदने के लिए उन्होंने अपनी कार
रोकी। हिमांशू कार से उतरकर सड़क किनारे आकर गोण्डा
जिले के थाना कौड़िया बाजार अंतर्गत बौनापुर निवासी अनिल
कुमार शुक्ला (37) पुत्र केशव राम शुक्ला जो दुकान संचालक
का भाई है उनसे कार पर यूरिया की बोरी रखवा रहे थे।
तभी लखनऊ की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित नेक्सॉन ईवी
ने तीनों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी
कि कार सड़क किनारे से डिवाइडर से जा भिड़ी हिमांशू वर्मा
और अनिल कुमार शुक्ला की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत
हो गई। वहीं कार में सवार प्रिंसिपल विनय तिवारी गंभीर रूप
से घायल हो गए।
एक साल पहले ही हुआ था विवाह मर्चुरी में लगा परिजनों का मजमा
इस भयावह हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर चीख-
पुकार मच गई। मृतकों में शामिल हिमांशू वर्मा का महज एक
वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था। हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ
पल भर में मातम में बदल गईं। सूचना पाकर मौके पर पहुँची
पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और घायल को अस्पताल भेजने
के साथ ही दोनों शवों को जिला अस्पताल भेजा। जैसे ही यह
खबर मृतकों के घरों तक पहुँची, परिजनों में कोहराम मच
गया। जिला अस्पताल की मर्चुरी के बाहर भारी संख्या में रोते-
बिलखते परिजनों और स्थानीय लोगों का मजमा लग गया,
जिससे वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाली नेक्सॉन कार में सवार पति-
पत्नी ने घायलों की मदद करने के बजाय इंसानियत को ताक
पर रख दिया। स्थानीय भीड़ को इकट्ठा होता देख, दोनों अपनी
कार को मौके पर ही लावारिस छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के
लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले वाहन
को कब्जे में ले लिया है और फरार कार सवार के खिलाफ
मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
