ब्यूरो: कबीर
मो. 9389289821
मुजफ्फरनगर। पैरा राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने वाले पैरा खिलाड़ी नवनीत कड़ियान को शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने उन्हें बुके और ट्रैकसूट भेंट कर उनकी उपलब्धि की सराहना की तथा भविष्य में होने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर समाज के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। नवनीत कड़ियान ने रजत पदक जीतकर न केवल मुजफ्फरनगर बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों की सफलता युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
डीएम ने खिलाड़ी को वित्तीय सहायता और आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया, ताकि वह आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं खेल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवनीत कड़ियान को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने नवनीत की उपलब्धि को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी सफलता कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश देती है।
