रिपोर्ट – कबीर
खतौली, मुजफ्फरनगर। मेले की भीड़ में मां से बिछड़ा दो साल का मासूम रोता हुआ सड़क तक पहुंच गया। चेहरे पर घबराहट और आंखों में मां को तलाशता बच्चा जब खतौली पुलिस की एंटी रोमियो टीम को मिला तो पुलिस ने उसे गोद में लेकर संभाला और परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
छड़ियांन मेले में रविवार शाम मां अफसाना के साथ आया अब्बुजर भीड़ में बिछड़ गया था। करीब 6:40 बजे खतौली कस्बे की मेन रोड पर पुलिस टीम को वह अकेला और रोता मिला। मासूम इतनी कम उम्र का था कि अपने माता-पिता का नाम भी ठीक से नहीं बता पा रहा था।
महिला उपनिरीक्षक खुशबू सिंह ने टीम के साथ बच्चे को थाने पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल परिजनों की तलाश के लिए टीम लगाई। कुछ ही देर की कोशिश के बाद पुलिस ने बच्चे की मां अफसाना और परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया।
मां की गोद में पहुंचते ही मासूम के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। पुलिस ने बच्चे को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस मानवीय पहल से एक परिवार की चिंता खत्म हुई और पुलिस की संवेदनशील भूमिका भी सामने आई।
