रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को एक और मौका मिलेगा। जिले में 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और चुनाव संबंधी अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अभियान के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रशासन का जोर है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
इससे पहले चलाए गए विशेष अभियान में कुछ बूथों पर मतदाताओं की कम भागीदारी सामने आई थी। इसके पीछे त्योहारों और प्रचार-प्रसार की कमी को वजह बताया गया। निरीक्षण के दौरान अभियान की व्यवस्थाओं और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली गई।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 24 अक्टूबर को अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम की जांच करें। यदि नाम दर्ज नहीं है या विवरण में कोई गलती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सुधार कराएं।
