Homeउत्तर प्रदेशपुलिस मुठभेड़, टॉप-10 गोतस्कर घायल, साथी फरार

पुलिस मुठभेड़, टॉप-10 गोतस्कर घायल, साथी फरार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में गोवंश को काटने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घेराबंदी होते ही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर और टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल दिलावर घायल हो गया, जबकि उसका साथी गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक गोवंश, तमंचा, कारतूस, गोकशी के उपकरण और स्विफ्ट कार बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को बुढ़ाना पुलिस खतौली तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बसी रोड से चंदेड़ी रोड की ओर जंगल में दो व्यक्ति गोवंश के साथ मौजूद हैं और गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंच गई।

पुलिस का दावा है कि मौके पर दोनों आरोपी गोवंश को रस्सी से बांध रहे थे। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी फायरिंग करते हुए भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलावर पुत्र कदीर निवासी परासौली, बुढ़ाना घायल हो गया। उसका साथी दिलशाद पुत्र मंजूर निवासी पत्थरगढ़, थाना सनौली, पानीपत (हरियाणा) गन्ने के खेत में घुस गया।

गैंग डी-16 का सक्रिय सदस्य है दिलावर

पुलिस के मुताबिक, घायल दिलावर बुढ़ाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है और थाने की टॉप-10 सक्रिय अपराधियों की सूची में शामिल है। वह गैंग डी-16 का सक्रिय सदस्य भी बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गोकशी, आर्म्स एक्ट, चोरी और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

तमंचा, कार और गोकशी के उपकरण बरामद

पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस, एक गोवंश तथा एक स्विफ्ट कार बरामद की है। इसके अलावा छुरा, दाब, लकड़ी का गुटका और रस्सी समेत गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। मामले में बुढ़ाना थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 456/2026 दर्ज कर बीएनएस, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण कानून की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग

पुलिस फरार आरोपी दिलशाद की तलाश में जंगल और गन्ने के खेतों में कांबिंग कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष अत्री के साथ उपनिरीक्षक आशीष चौधरी, छविकांत और संदीप कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments