रिपोर्ट – अखिलेन्द्र राजपूत
महोबा। जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर पांच सूत्रीय मांगों के साथ आवाज बुलंद की गई है। जिलाधिकारी महोबा के नाम अपर जिलाधिकारी प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में कबरई बांध से प्रभावित गंज गांव के मुआवजे का मुद्दा उठाते हुए किसानों को न्याय दिलाने की मांग की गई। इसके साथ ही महोबा नवीन गल्ला मंडी को विशिष्ट मंडी सूपा स्थानांतरित करने, जिले में खाद वितरण की अनियमितताओं को दूर करने, खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर अंकुश लगाने की मांग की गई। वहीं, फसल खराबी के सर्वे में मूंगफली की फसल को भी शामिल करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा जिले में संचालित गौशालाओं में अन्ना गोवंशों की दुर्दशा और उनके नाम पर धन के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिवस के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और भूख-हड़ताल शुरू की जाएगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को भी भेजी गई है। इस दौरान जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र तिवारी, महोबा तहसील अध्यक्ष युवा शिशुपाल सिंह, तहसील सचिव अरविंद सिंह, किसान शंतराम त्रिपाठी, शान सिंह, मलखान सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
