Homeउत्तर प्रदेशनाबालिग से दुष्कर्म और धर्मांतरण के आरोप में वांछित 25 हजार का...

नाबालिग से दुष्कर्म और धर्मांतरण के आरोप में वांछित 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में घायल

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और धर्मांतरण के आरोपों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, टीएस मान रजवाहे के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नई मंडी थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नाबालिग से जुड़े मामले में वांछित आरोपी टीएस मान रजवाहे के पास मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर जाने लगा। रुकने का इशारा करने पर उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस का दावा है कि आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने फायरिंग जारी रखी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान अजरू उर्फ अजरूद्दीन पुत्र दीनू उर्फ दीन मोहम्मद, निवासी रामपुरा, थाना सुहाना सिटी, गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में की है। उसके खिलाफ नई मंडी थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अलावा पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और धर्म परिवर्तन निषेध कानून की धाराएं बढ़ाई गई थीं। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, छह जून 2026 को नई मंडी थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआत में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की बरामदगी और मामले की जांच के लिए टीम गठित की थी। विवेचना के दौरान अजरू उर्फ अजरूद्दीन का नाम सामने आया। इसके बाद मामले में अन्य धाराएं बढ़ाई गईं।

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के साथ उपनिरीक्षक संदीप कुमार, दिनेश कौशिक और ओम प्रकाश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments