रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी में युवक राकिब की मौत ने रिश्तों के भीतर छिपे एक कथित साजिश के राज से पर्दा उठा दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि राकिब को उसकी पत्नी तबस्सुम ने अपने कथित प्रेमी शाहरूख के साथ मिलकर नशीली दवा दी। हालत बिगड़ने के बाद राकिब को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों की तहरीर ने पुलिस को पूरे मामले की तह तक पहुंचाया और जांच के दौरान पत्नी और उसके कथित प्रेमी को हत्या के मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया गया।
8 सितंबर को दर्ज हुई शिकायत ने खोला राज। राकिब के परिजनों ने रतनपुरी थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि तबस्सुम और शाहरूख ने मिलकर राकिब को नशीली दवा दी थी। उपचार के दौरान उसकी मौत होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा अपराध संख्या 149/2026 धारा 105/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने शनिवार को दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से दो नशीली गोलियां और उनके रेपर बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तबस्सुम ग्राम हुसैनाबाद भनवाड़ा, थाना रतनपुरी की रहने वाली है, जबकि शाहरूख ग्राम हमजागढ़, थाना गंगोह, सहारनपुर का निवासी है। दोनों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
राकिब की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों ने रिश्तों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच में यह साफ होना बाकी है कि राकिब को नशीली दवा कैसे और किन परिस्थितियों में दी गई और उसकी मौत में दोनों आरोपियों की वास्तविक भूमिका क्या थी।
