रिपोर्ट: सना परवीन
बिजनौर। धामपुर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कुछ ओयो होटलों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति पश्चिमी उत्तर प्रदेश की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कविता राणा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपकर कथित संदिग्ध गतिविधियों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि धामपुर-नगीना, नहटौर, ग्राम कश्मीरी, ग्राम जैतरा, ग्राम सुहागपुर, ग्राम ढक्का कर्मचंद तथा नगीना-शेरकोट फोरलेन हाईवे के आसपास संचालित कुछ होटल नियमों की अनदेखी कर ऐसे कार्यों का केंद्र बने हुए हैं, जिनसे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
संगठन का दावा है कि पूर्व में भी पुलिस द्वारा कुछ होटलों पर छापेमारी के दौरान अनियमितताएं सामने आई थीं, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ होटलों में बाहरी लोगों का लगातार आवागमन बना रहता है और अवैध गतिविधियों की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इससे आसपास रहने वाले परिवारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है तथा युवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। संगठन ने सभी संदिग्ध होटलों की गहन जांच, आगंतुकों के सत्यापन तथा अभिलेखों की पड़ताल की मांग की है।
महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्ञापन प्राप्त किया और जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
