रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर। थाना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव मंदवाड़ा निवासी पीड़ित परिवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, महिलाओं के साथ अभद्रता एवं छेड़छाड़ का प्रयास करने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने मामले में पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में गांव मंदवाड़ा निवासी मीना पत्नी मौहब्बत ने बताया कि 22 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे गांव के महताब पुत्र महबूब अली और उसका पुत्र ओसामा उसके घर पर उसके बेटे सैफ से उधार के पैसे मांगने आए थे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने सैफ के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पुत्र सैफ को बचाने के लिए जब मीना तथा फरजाना और फरहाना मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद जानू, शानू, अहसान, महताब, वसीम पुत्रगण महबूब अली तथा ओसामा पुत्र महताब सहित अन्य लोग घर में घुस आए और लाठी-डंडों से मारपीट की।
महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे और उसके परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। साथ ही फरजाना और फरहाना के कपड़े फाड़ने तथा उनके साथ गलत नीयत से अश्लील हरकत करने का प्रयास भी किया गया। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। जाते समय आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित कादिर नें मीडिया से बात करते हुए बताया कि छोटा वाला भाई लड़के बाहर बैठा था और मेहताब के 10,000 बाकी थे मेहताब और उसका पुत्र ओसामा है और आकर गाली गलौज करने लगे गाली गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी उसके बाद प्रधान के साथ दर्जनों लोगों नें हमारे घर पर आकर चढ़ाई कर दी।
प्रार्थना पत्र में मीना ने आरोप लगाया कि घटना की तहरीर थाना बुढ़ाना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने शिकायत लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना को भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़िता ने एसएसपी से थाना बुढ़ाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
