रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। गांवों में पुलिस की पहुंच और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ग्राम प्रहरियों को साइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जिलेभर से पहुंचे ग्राम प्रहरियों को साइकिलें वितरित कीं। इस दौरान उन्होंने खुद साइकिल चलाकर ग्राम प्रहरियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें गांवों में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांव में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण सूचना की तत्काल जानकारी पुलिस तक पहुंचाना उनकी अहम जिम्मेदारी है। साइकिल मिलने से ग्राम प्रहरी अपने क्षेत्रों में आसानी से और नियमित रूप से भ्रमण कर सकेंगे, जिससे ग्रामीण इलाकों में पुलिस की निगरानी और सूचना तंत्र और मजबूत होगा।
एसएसपी ने ग्राम प्रहरियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित पुलिसकर्मियों को दें। उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाली छोटी से छोटी सूचना भी अपराध पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त अनुचरों को भी ड्रेस वितरित की गई। ड्रेस मिलने से अनुचरों में एकरूपता, अनुशासन और विभागीय गरिमा को बढ़ावा मिलेगा। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शासन की जनसहभागिता आधारित प्रभावी पुलिसिंग की मंशा के अनुरूप गांव स्तर तक पुलिस की पहुंच बढ़ाई जा रही है। ग्राम प्रहरियों को संसाधन उपलब्ध कराने से अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान में मदद मिलेगी। पुलिस का जोर अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर समन्वय और सुरक्षित माहौल कायम करने पर है।
