रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। गंगा बैराज के गेट नंबर 28 पर नदी की ओर बार-बार देख रहे युवक को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। युवक के गंगा नदी में कूदने की आशंका पर पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:15 बजे थाना रामराज पुलिस को सूचना मिली कि गंगा बैराज के गेट नंबर 28 पर एक व्यक्ति खड़ा है और उसकी गतिविधियां देखकर नदी में कूदने की आशंका है। सूचना मिलते ही बैराज चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक जागेंद्र सिंह ढिल्लों, मुख्य आरक्षी राजकुमार, गौरव और विक्रम कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने युवक को नदी में कूदने से पहले ही सुरक्षित पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शिवम पुत्र भोपाल उपाध्याय, निवासी बिजलीघर, रामराज, थाना बहसूमा, जनपद मेरठ बताया। पुलिस के मुताबिक, युवक ने गृह क्लेश के चलते यह कदम उठाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की तत्परता की सराहना
गंगा बैराज पर मौजूद लोगों और युवक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। समय रहते की गई कार्रवाई से युवक की जान बच गई और एक परिवार को बड़ी अनहोनी से बचा लिया गया।
