शाहजहांपुर, 14 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के अंतर्गत सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर में किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, महापौर अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा एवं महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी युवा स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति के स्वीकृति पत्र, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र तथा स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश के गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देश में 11 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ से अधिक परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देश में 5.67 करोड़ तथा प्रदेश में 62 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। बिना गारंटी और बिना ब्याज के ऋण, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से रोजगार, तथा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने का कार्य किया गया है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार की भावी योजनाओं की भी जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए उज्ज्वला योजना, संसद एवं विधानमंडलों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित करने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया एवं महापौर अर्चना वर्मा ने भी केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के नौ वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।यह
