रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। मुख्यालय कर्वी के नया बाजार स्टेशन रोड स्थित रामलीला मंच पर मंगलवार, 6 अक्टूबर को 86 वर्षों से चली आ रही प्राचीन एवं परंपरागत रामलीला का विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। आदर्श रामलीला कमेटी मंडली के तत्वावधान में आयोजित रामलीला का मंचन 6 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। रामलीला के शुभारंभ को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।रामलीला की शुरुआत परंपरागत मुकुट पूजन के साथ हुई। डॉक्टर सुरेंद्र अग्रवाल एवं रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने विधि-विधान से मुकुट पूजन कर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। मुकुट पूजन के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से रामलीला परिसर गूंज उठा। इस मौके पर कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय नागरिक और सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल एवं प्रबंधक गुलाब गुप्ता ने बताया कि नया बाजार स्टेशन रोड की यह रामलीला क्षेत्र की पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। पिछले 86 वर्षों से लगातार रामलीला का आयोजन होता चला आ रहा है। पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही इस परंपरा के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्श, मर्यादा, त्याग और सत्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।आयोजकों ने बताया कि 6 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। प्रतिदिन रामलीला देखने के लिए कर्वी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर कमेटी की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
