अमरोहा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अमरोहा के सिख इंटर कॉलेज में भव्य पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शशि जैन सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए समर्पित, हमारे भविष्य के लिए प्रतिबद्ध” रही, जिसके अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि जनपद अमरोहा में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 4 लाख 51 हजार पौधरोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिसर में बनाया गया “एक पेड़ मां के नाम” सेल्फी पॉइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने फोटो खिंचवाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने गजरौला स्थित आरएसीएल गियरटेक लिमिटेड के निकट नेशनल हाईवे किनारे भी पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम जनपद में हरित वातावरण के निर्माण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
अमरोहा में विश्व पर्यावरण दिवस पर भव्य जागरूकता कार्यक्रम, 4.51 लाख पौधरोपण का लक्ष्य हुआ पूरा
RELATED ARTICLES
