Homeउत्तर प्रदेशमुजफ्फरनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी सख्त, एक सप्ताह में शिकायतों के...

मुजफ्फरनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी सख्त, एक सप्ताह में शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

तहसील सदर में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस

मुजफ्फरनगर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें।

34 शिकायतें आईं, 4 का मौके पर हुआ निस्तारण

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, सिंचाई, नलकूप, नगर पालिका, राशन कार्ड, समाज कल्याण, पेंशन, चिकित्सा, पंचायती राज, डूडा, श्रम और विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।

एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्वयं मौके पर जाकर जांच करने, शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने और कार्रवाई की फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। यदि किसी शिकायत का समाधान संभव न हो तो उसका कारण शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से बताने को कहा गया।

आईजीआरएस शिकायतों पर भी विशेष जोर

डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा

आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, जलभराव की निकासी और सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने और शिवभक्तों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, नगर एवं मंडी क्षेत्राधिकारी, जिला बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, डीडी कृषि, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments