Homeउत्तर प्रदेशलगातार बारिश से जलमग्न हुई फसलें, किसानों ने जताई भारी नुकसान की...

लगातार बारिश से जलमग्न हुई फसलें, किसानों ने जताई भारी नुकसान की आशंका

रिपोर्ट: कबीर

स्थान: मोरना, मुजफ्फरनगर

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सोलानी नदी का जलस्तर बढ़ने से मोरना क्षेत्र के खादर इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं। नदी का पानी खेतों में फैलने से गन्ना, चारा और अन्य फसलें जलमग्न हो गई हैं। किसानों ने फसलों के भारी नुकसान की आशंका जताते हुए प्रशासन से सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।

मजलिसपुर तौफीर, महाराज नगर, खैर नगर, सीताबपुरी, हाजीपुर और शुक्रताल खादर सहित कई गांवों के खेतों में पानी भर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो पानी आबादी तक पहुंच सकता है और स्थिति गंभीर हो सकती है।

ग्राम प्रधान योगेश चौहान ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के कारण सोलानी नदी उफान पर है और नदी का पानी खेतों में पहुंच चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि बारिश नहीं रुकी तो गांव की आबादी भी प्रभावित हो सकती है।

किसानों ने बताया कि खेतों में जलभराव के कारण गन्ना और चारे की फसल प्रभावित हो रही है। पशुओं के लिए चारा लाने के लिए उन्हें पानी से भरे खेतों में जाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि लगातार बारिश जारी रही तो फसलों को भारी नुकसान होगा।

ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि जलस्तर और बढ़ने पर मोरना-लक्सर मार्ग भी जलमग्न हो सकता है, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

इस बीच नायब तहसीलदार बृजेश कुमार और लेखपाल प्रवीण कुमार ने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने बताया कि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments