Homeउत्तर प्रदेशविश्व युवा कौशल दिवस पर रामपुर में रोजगार मेला, 187 युवाओं को...

विश्व युवा कौशल दिवस पर रामपुर में रोजगार मेला, 187 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

रिपोर्टर : शारिक खान

लोकेशन : रामपुर

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर रामपुर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) किला परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। राजकीय आईटीआई एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 187 युवाओं का चयन किया गया और उन्हें मौके पर ही नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) प्रदान किए गए।

835 युवाओं ने कराया था पंजीकरण

रोजगार मेले के लिए कुल 835 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इनमें से 328 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए। विभिन्न कंपनियों द्वारा योग्यता और कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद 187 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चयनित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने बांटे ऑफर लेटर

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और युवाओं से अपने कौशल को निरंतर विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आठ कंपनियों ने लिया भाग

रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, ग्रो-फास्ट फर्टीलाइजर्स, एमआईएमटी इंटरनेशनल, पुखराज हेल्थ केयर, छाबड़ा बिल्डर्स सहित कुल आठ कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों के लिए उनका चयन किया।

युवाओं को दी गई शुभकामनाएं

राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य राजीव कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन निधि पुष्कर ने किया।

इस अवसर पर कुलदीप सिंह, अगर मंडल, जायसराम यादव, मदन गोपाल, दिनेश कुमार अग्रवाल, चरण सिंह, जमीर अहमद, राजीव यादव, प्रमोद मिश्रा और अनुराग शुक्ला सहित संस्थान एवं कौशल विकास मिशन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments