श्रावस्ती। गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे एक व्यक्ति की मौत के बाद सामने आए मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर भारत गैस एजेंसी, कठौतिया की जांच कराई गई, जिसमें घरेलू गैस सिलेंडरों के स्टॉक में भारी कमी पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रशासन की ओर से गठित टीम ने एजेंसी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रिकॉर्ड और उपलब्ध स्टॉक का मिलान करने पर आवश्यक संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर मौजूद नहीं पाए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत सोनवा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। यह कार्रवाई जिला पूर्ति विभाग की टीम द्वारा की गई, जबकि संबंधित पूर्ति निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज कराया।
इस कार्रवाई के बाद जिले में गैस एजेंसियों के संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
