रिपोर्टर: ब्यूरो रिपोर्ट
स्थान: श्रावस्ती
12 जुलाई को जिलेभर में होगा वृहद पौधरोपण अभियान
श्रावस्ती में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण एवं वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 12 जुलाई को जनपद में वृहद पौधरोपण अभियान चलाने की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
42.54 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए श्रावस्ती जनपद में 42.54 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग को 18.64 लाख तथा अन्य विभागों को 23.90 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय से पौधों का उठान और रोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जियो-टैगिंग कराने के निर्देश
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने निर्देश दिए कि पौधरोपण के एक सप्ताह के भीतर लगाए गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि पौधों की निगरानी और संरक्षण प्रभावी ढंग से किया जा सके। उन्होंने पौधों की देखभाल और उनके जीवित रहने की दर पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
जनसहभागिता पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान तभी सफल होगा जब इसमें आम जनता, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों और विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की भी हुई समीक्षा
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कचरा निस्तारण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में घूर-गड्ढों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर उन्हें साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। साथ ही कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती के निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्लास्टिक कचरे के डोर-टू-डोर कलेक्शन, एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर की प्रगति तथा अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद सहित वन विभाग, पंचायती राज, नगर निकाय और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
