रिपोर्ट: शुभम सिंह
बांदा। जनपद के बड़ोखर बुजुर्ग गांव में वर्षों से जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 10 वर्षों से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे संक्रमण और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान से लेकर संबंधित अधिकारियों तक कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
