Homeउत्तर प्रदेशकांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सेवा शिविर संचालकों को...

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सेवा शिविर संचालकों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश

रिपोर्ट: कबीर

स्थान: मुजफ्फरनगर

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर जिला पंचायत सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

श्रद्धालुओं की सुविधा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष लाखों कांवड़िये मुजफ्फरनगर से होकर गुजरते हैं। ऐसे में सेवा शिविर संचालकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संचालकों से शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सेवा शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि शिविरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा, अग्निशमन उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती तथा आपातकालीन संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से उपलब्ध और प्रदर्शित किए जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया जाए।

यातायात और ध्वनि मानकों का पालन करने के निर्देश

बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग करने, यातायात बाधित न होने देने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने शिविर संचालकों के सुझाव भी सुने और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

अधिकारियों और शिविर संचालकों की रही मौजूदगी

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं प्रशासन), पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सिटी मजिस्ट्रेट, सभी क्षेत्राधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांवड़ सेवा शिविर संचालक उपस्थित रहे।

प्रशासन ने सहयोग की अपील की

बैठक के अंत में जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी सेवा शिविर संचालकों से अनुशासन, सेवा और समन्वय की भावना के साथ प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments