रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। चित्रकूट में एसओजी और कर्वी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी कर कानपुर में बेचने की योजना का खुलासा किया है। बरामद बाइकें कर्वी कोतवाली और राजापुर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और कर्वी कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मानिकपुर रोड स्थित श्रीराम इंटरप्राइजेज के बोर्ड के पास से साहिब यादव को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं और उसके साथी नवनीत कुमार जाटव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर सुनसान जगहों पर छिपा देते थे और बाद में उन्हें बेचने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों के पास से कुल एक हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद आठ मोटरसाइकिलों में से कई बिना नंबर प्लेट की थीं, जबकि कुछ की नंबर प्लेट घिसी हुई थी।
फिलहाल पुलिस ने संबंधित मुकदमों में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। इस कार्रवाई में एसओजी और कर्वी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
