शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना रहेगी प्राथमिकता
रिपोर्ट – राकेश कुमार
बिजनौर। जनपद के नवागत जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने शनिवार की शाम कोषागार पहुंचकर विधिवत रूप से जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा अपनी प्राथमिकताओं के संबंध में जानकारी साझा की।
नवागत जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं तथा मूल रूप से जनपद मथुरा के निवासी हैं। बिजनौर में तैनाती से पूर्व वह जनपद रामपुर में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इसके अतिरिक्त वह बरेली विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष सहित प्रशासनिक सेवा के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताएं ही उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाना तथा निर्धारित समयावधि में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने राजस्व से संबंधित विभिन्न मामलों एवं जनसमस्याओं का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराने की बात भी कही।
जिलाधिकारी ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जनपदवासियों को बेहतर प्रशासन एवं अच्छा सुशासन उपलब्ध कराया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित कराया जाए।
इससे पूर्व कोषागार पहुंचने पर अधिकारियों द्वारा नवागत जिलाधिकारी का बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

