रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मीरापुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चुड़ियाला रजवाहे की पुलिया के पास कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आदिल रशीद पुत्र सगीर निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, एक तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस सहित चार एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
चेकिंग के दौरान भागने लगा आरोपी
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को मीरापुर पुलिस टीम चुड़ियाला रजवाहे की पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुतुबपुर की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में आदिल रशीद घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ थाना मीरापुर में पुलिस मुठभेड़ और अवैध हथियारों से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया है।
गैंगस्टर एक्ट में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, आदिल रशीद थाना मीरापुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बरामद चार एटीएम कार्डों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद, प्रयागराज, अलीगढ़, पुणे और मुजफ्फरनगर सहित विभिन्न स्थानों पर धोखाधड़ी, लूट तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह के साथ उपनिरीक्षक ओमेंद्र सिंह, योगेश तेवतिया, कामिल चौधरी तथा कांस्टेबल शिवम चौधरी, मोहित कुमार और विकास कुमार शामिल रहे।
