संवाददाता : नितिन कुमार
रामपुर/बिलासपुर। रामपुर जनपद की तहसील बिलासपुर के थाना खजुरिया क्षेत्र के गांव बमनपुरा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी शहजाद खान ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे जोयब पुत्र इरशाद खान ट्रैक्टर लेकर घर जा रहा था। आरोप है कि ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते घर के बाहर खड़े एक ही परिवार के चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की गति इतनी तेज थी कि लोगों को टक्कर मारने के बाद वह आगे जाकर एक पॉपलर के पेड़ से टकराकर रुका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में जुबेदा पत्नी गुड्डू खान गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलासपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जुबेदा को जिला अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि घटना लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुई है। उन्होंने आरोपी जोयब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि मामले में शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
