नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी इस्तेमाल का मामला, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट – एकरार खान
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किए जाने के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभिन्न मामलों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अपनी मांगें पूरी करने की मांग की।
धरनारत सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का उपयोग नगर पालिका के कार्यों के बजाय अपने निजी हितों के लिए कर रहे हैं। इसके अलावा, नवीन गृहकर की वसूली के मामले में बोर्ड और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी की जा रही है।
सभासदों ने पालिका अध्यक्ष पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने, वादाखिलाफी करने, सभासदों के खिलाफ कथित रूप से हरिजन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने और सत्ता का दुरुपयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि नगर पालिका के कार्यों को प्रभावित कर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जाना अनुचित है।
सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लिया गया तो वे जल्द ही संवैधानिक तरीके से अपने विरोध प्रदर्शन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
धरने के दौरान राजा बाबू, राकेश प्रजापति, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, आमिर उर्फ गोलू, अरशद, शमीम अंसारी, मोहन राम, शिवबचन यादव और उमराव यादव सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।
