बरसात में बढ़ा संक्रमण का खतरा, स्थानीय लोगों ने विशेष सफाई अभियान चलाने की उठाई मांग
रिपोर्टर: गुलाब सिंह गौर
चरखारी (महोबा)। चरखारी नगर पालिका की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर के प्रमुख गोलाघाट चौराहे पर जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर लगे होने से स्थानीय लोगों, राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में हालात और अधिक खराब हो गए हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गोलाघाट क्षेत्र में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं हो रही है। बारिश के कारण कूड़ा और गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
लोगों का आरोप है कि नगर पालिका को कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया गया। उनका कहना है कि नगर पालिका कागजों पर सफाई अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत दिखाई देते हैं।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गोलाघाट चौराहे सहित पूरे नगर में विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े के ढेर तत्काल हटाए जाएं। साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गंदगी और संभावित बीमारियों से राहत मिल सके।
नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
