Homeउत्तर प्रदेशकार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने शुक्रतीर्थ पहुंच परखी...

कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने शुक्रतीर्थ पहुंच परखी सुरक्षा व्यवस्था

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी सूरज कुमार राय ने शुक्रतीर्थ गंगा घाट और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अधिकारियों ने घाटों से लेकर पार्किंग, यातायात और भीड़ नियंत्रण तक की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। साफ संदेश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा नदी के जलस्तर, घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पुलिस गश्त, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों और श्रद्धालुओं के आवागमन के निर्धारित मार्गों की स्थिति देखी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि भीड़ का दबाव बढ़ने पर अव्यवस्था और जाम की स्थिति पैदा न हो।

सीसीटीवी से होगी पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी

मेला क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखने और पीए सिस्टम से श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष तैनाती करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

गहरे पानी वाले स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी

गंगा घाटों पर सुरक्षा को लेकर जल पुलिस की सक्रियता भी परखी गई। गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने और जल पुलिस की टीमों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। गंगा के जलस्तर पर भी नजर रखने को कहा गया, ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए। मुख्य मार्गों पर जाम न लगने पाए और यातायात का संचालन सुचारू बना रहे। इसके साथ ही रात के समय घाटों और मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी तथा प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीएम और एसएसपी ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहने, लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करने और श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, सीओ भोपा राधा रमण सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया, ताकि कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments