रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पुलिस विभाग में लंबे सेवाकाल के बाद बुधवार को सेवानिवृत्त हुए सात पुलिसकर्मियों को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर स्मृति चिह्न और उपहार भेंट किए।
समारोह में पुलिस अधीक्षक अपराध ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की दीर्घकालीन, समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में सेवाकाल के दौरान किए गए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से आत्मीय संवाद कर उनके स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना की।
समारोह उस समय भावुक हो गया, जब उपनिरीक्षक विपिन कुमार ने सेवानिवृत्त साथियों के सम्मान में स्वयं रचित कविता प्रस्तुत की। कविता में उन्होंने साथियों के साथ बिताए सेवाकाल, आपसी सहयोग और विभागीय जीवन की यादों को शब्द दिए। कविता सुनकर सभागार का माहौल भावुक हो गया।
सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक अनवर अब्बास थाना छपार, उपनिरीक्षक कमल सिंह थाना ककरौली, उपनिरीक्षक विपिन कुमार क्षेत्राधिकारी जानसठ कार्यालय, उपनिरीक्षक निरंजन सिंह पुलिस लाइन, उपनिरीक्षक मुंशीराम डायल-112, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह थाना फुगाना और उपनिरीक्षक आरमोरर कुंवरपाल सिंह पुलिस लाइन शामिल रहे। सभी ने अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर पुलिस सेवा से विदाई ली।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
