रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उपनिरीक्षक अरुण चाहर की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। दिवंगत दरोगा को श्रद्धांजलि देने के लिए क्षेत्रवासियों ने कैंडल मार्च निकाला। हाथों में मोमबत्तियां लेकर निकले लोगों ने नम आंखों से उन्हें याद किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कैंडल मार्च के दौरान माहौल गमगीन रहा। क्षेत्रवासियों ने अरुण चाहर के निधन को पुलिस विभाग के साथ समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया। लोगों ने उनकी स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी ब्रजेश शर्मा और आबकारी चौकी प्रभारी शशि कपूर अपनी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने अपने दिवंगत साथी को याद करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
सर्राफा व्यापारी संघ के जिला अध्यक्ष पवन वर्मा ने भी दिवंगत उपनिरीक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। सड़क हादसे में एक पुलिस अधिकारी को खोने से क्षेत्र में दुख का माहौल है। कैंडल मार्च के जरिए क्षेत्रवासियों ने अरुण चाहर के प्रति अपनी संवेदना और सम्मान प्रकट किया।
