केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शाहजहांपुर में प्रेस वार्ता, गिनाईं उपलब्धियां
शाहजहांपुर, 14 जून। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री का मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है और सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं का सशक्तिकरण है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि कोरोना काल से अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये की सहायता सीधे बैंक खातों में भेजी गई है। मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से स्वरोजगार और छोटे कारोबारियों को नई शक्ति मिली है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाएं प्रभावी साबित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेल, बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार हुआ है, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बढ़ा है, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ है तथा भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन चुका है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ता विदेशी निवेश और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकृति भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, विकसित, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
शाहजहांपुर की उपलब्धियां भी गिनाईं
प्रभारी मंत्री ने जनपद शाहजहांपुर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक साइबर क्राइम थाना और एक नारकोटिक्स सेल की स्थापना की गई है। मिशन शक्ति के तहत 919 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया तथा 111 महिला बीटों का आवंटन किया गया। एंटी रोमियो स्क्वॉड द्वारा 84,842 स्थानों पर अभियान चलाया गया और लगभग 2.95 लाख लोगों की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण के तहत 799 पुलिस मुठभेड़ों में 143 अपराधी घायल हुए, दो अपराधी मारे गए तथा 1,047 अपराधियों को जेल भेजा गया। 1,411 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट और 12 पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की गई।
अवसंरचना विकास के क्षेत्र में 1,416.12 करोड़ रुपये की लागत से 11 मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया गया है। गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण जनपद की तीन तहसीलों से होकर लगभग 40 किलोमीटर क्षेत्र में किया गया है, जिसमें भारतीय वायु सेना के लिए 3.5 किलोमीटर लंबी आपातकालीन एयरस्ट्रिप भी बनाई गई है।
रेल एवं सड़क परिवहन सुविधाओं के तहत लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस का शाहजहांपुर में ठहराव प्रारंभ किया गया है। पीलीभीत-शाहजहांपुर रेलखंड को मीटरगेज से ब्रॉडगेज में परिवर्तित किया गया है। साथ ही दिल्ली एवं लखनऊ के लिए एसी बस सेवाएं शुरू की गई हैं तथा पुराने बस अड्डे के जीर्णोद्धार एवं अहमदपुर नियाजपुर सैटेलाइट बस अड्डे का निर्माण कराया गया है।
कौशल विकास मिशन के अंतर्गत 13,689 युवाओं को प्रशिक्षण देकर 8,732 को रोजगार उपलब्ध कराया गया, जबकि रोजगार मेलों के माध्यम से 23,973 अभ्यर्थियों को रोजगार से जोड़ा गया।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे
संकल्प से सिद्धि और सेवा से सुशासन को समर्पित रहे हैं मोदी सरकार के 12 वर्ष : प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप
RELATED ARTICLES
