रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज के बेसिक साइंस संकाय में फ्रेशर पार्टी ‘तरंग: रिदम ऑफ न्यू बिगिनिंग्स’ का आयोजन धूमधाम से किया गया। नवागत विद्यार्थियों ने एकल, युगल और समूह नृत्य के साथ शायरी व हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम में स्नातक स्तर पर प्रियांशु को मिस्टर फ्रेशर और साक्षी तिवारी को मिस फ्रेशर चुना गया, जबकि स्नातकोत्तर स्तर पर प्राची ने मिस फ्रेशर का खिताब हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के संस्थापक चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ, श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल और डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बेसिक साइंस संकाय की डीन डॉ. पूजा तोमर ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
गणेश वंदना से हुई शुरुआत
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज विशाखा, प्राची और आयुषी की गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने बॉलीवुड, पंजाबी और हरियाणवी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। एकल और युगल नृत्य के साथ समूह नृत्य, शायरी और हास्य-व्यंग्य ने कार्यक्रम में रंग जमाया।
दीक्षा, लक्ष्मी-कशिश और समूह नृत्य विजेता
प्रतियोगिताओं में एकल नृत्य में दीक्षा ओम ने बाजी मारी। युगल नृत्य में लक्ष्मी और कशिश की जोड़ी विजेता रही। समूह नृत्य में अदनान, प्रियांशु, शीतांशु, वंश, जुनैद, सुहैल और मुक्कर्रम अली के समूह ने जीत दर्ज की। निर्णायक मंडल में बेसिक साइंस संकाय की सहायक प्रोफेसर महक नाज शामिल रहीं।
शिक्षा के साथ प्रतिभाओं को निखारना जरूरी
मुख्य अतिथि डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने प्रतिभागियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बेसिक साइंस विभाग के विद्यार्थियों में शिक्षा और व्यावसायिक ज्ञान के साथ अन्य क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं का भंडार है। उन्होंने विभाग की दसवीं वर्षगांठ पर सभी सदस्यों को बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर मीनल मान के नेतृत्व में अंजला राठी, शिविका गर्ग, रिहान और इस्मा अंसारी ने किया। अंत में डॉ. पूजा तोमर ने अतिथियों और विद्यार्थियों का आभार जताया। आयोजन में डॉ. मनोज मित्तल, डॉ. ऋषभ भारद्वाज, डॉ. राहुल आर्य, डॉ. गरिमा, विवेक, सचिन कुमार, रमा मेडीयान, सचिन शर्मा, राहुल कुमार, आशीष तिवारी और हर्ष सहित अन्य का सहयोग रहा।
