रिपोर्ट: कबीर
मुजफ्फरनगर। शादी समारोह के दौरान चलती थार की छत पर बैठकर स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चरथावल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक शादी समारोह के दौरान सड़क पर चलती थार वाहन की छत पर बैठकर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते दिखाई दे रहे थे। इस दौरान सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ और अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए चरथावल थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान अमजद पुत्र रियाजुद्दीन निवासी सरवट, थाना सिविल लाइन तथा हारिश पुत्र वकील निवासी सरवट के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया और स्टंट में प्रयुक्त थार वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर स्टंटबाजी कर आम लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या खतरनाक गतिविधियों से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि स्टंटबाजी, हुड़दंग और सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
