रिपोर्ट: कबीर
मुजफ्फरनगर। शहर के आर्यपुरी क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मोबाइल एसेसरीज शोरूम में एयर कंडीशनर (एसी) का पाइप फटने से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और शोरूम की पहली व दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी स्थित मां शाकुम्भरी कम्युनिकेशन शोरूम में अचानक एसी पाइप से आग निकलनी शुरू हुई। कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और भवन के ऊपरी हिस्सों तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि शुरुआती प्रयासों में उस तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था, लेकिन दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और लगातार प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग की चपेट में आने से मोबाइल एसेसरीज से जुड़ी पैकिंग सामग्री, रैपर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी पाइप में आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच अभी जारी है।
शोरूम संचालक प्रदीप कुमार ने बताया कि जैसे ही एसी पाइप से आग निकलती दिखाई दी, वह तुरंत ऊपर पहुंचे, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। उन्होंने फायर सेफ्टी सिलेंडर और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास भी किया, मगर तेज लपटों के कारण आग वाले हिस्से तक पहुंचना संभव नहीं हो सका।
फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्राथमिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने राहत की सांस ली कि दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा नुकसान और संभावित जनहानि टल गई। प्रशासन ने आग लगने के कारणों और नुकसान के आकलन के लिए जांच शुरू कर दी है।
