मिशन शक्ति फेज-6 के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का बढ़ाया मान, मिनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षता में हुआ समारोह
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद की ओर से नवरात्र के उपलक्ष्य में महिला शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, पोषण, संगीत, कला और समाज कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मिनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और समाज कल्याण के क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं को पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला शक्ति के योगदान को सराहते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
समारोह में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान की भावना को भी प्रमुखता दी गई। विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभा रही महिलाओं के योगदान को सम्मान देना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में नगर पालिका परिषद के सभासद भी शामिल रहे।
आयोजन को सफल बनाने में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, सेनेटरी इंस्पेक्टर पलाक्षा मैनवाल, रुचि शर्मा और ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
