रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। ककरौली पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह लाख रुपये की नकदी और पीली व सफेद धातु के कीमती आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ककरौली के बेहड़ा सादात के अलावा मीरापुर क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
थानाध्यक्ष दीपक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी देहात की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 नवंबर को बेहड़ा सादात रजवाहे की पटरी से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वरीन निवासी कांधला, शामली (हाल निवासी बेहड़ा सादात) और नजर मोहम्मद निवासी बेहड़ा सादात के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल छह लाख रुपये नकद बरामद किए। इनमें 54 हजार रुपये मीरापुर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि 5.46 लाख रुपये अन्य बरामदगी में शामिल हैं। इसके अलावा सोने के एक टीके और दो नथ समेत चांदी की 19 अंगूठियां, झूमर, बिछुए, पायल, पाजेब, कड़े, झुमके, हथफूल, छल्ले और सिक्के बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को बेहड़ा सादात में हुई चोरी के मामले में ककरौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के नाम सामने आए। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मीरापुर में दर्ज चोरी के दो अन्य मुकदमों का भी खुलासा हुआ है। दोनों आरोपियों के खिलाफ ककरौली और मीरापुर थानों में तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

