रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। गांवों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने वाले ग्राम प्रहरियों का मंगलवार को सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।
जनपद में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों को प्रशस्ति पत्र और अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच अहम कड़ी
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और समय रहते पुलिस को सूचना देने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ पुलिस और आमजन के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और ईमानदारी से करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने ग्राम प्रहरियों को प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
समय पर सूचना देने पर जोर
एसएसपी सूरज कुमार राय ने कहा कि गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं समय पर पुलिस तक पहुंचाने में ग्राम प्रहरी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सतर्कता और तत्परता के साथ काम करने तथा पुलिस से बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन और समन्वय एसपी क्राइम एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी इन्दु सिद्धार्थ ने किया। इस दौरान एसपी सिटी अमृत जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने जनप्रतिनिधियों को पौधे भेंट किए। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
