Homeउत्तर प्रदेशकिसान दिवस में गूंजे भुगतान, सिंचाई और खाद के मुद्दे, एडीएम ने...

किसान दिवस में गूंजे भुगतान, सिंचाई और खाद के मुद्दे, एडीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

रिपोर्ट: कबीर

मुजफ्फरनगर। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए बुधवार को आयोजित किसान दिवस में भुगतान, सिंचाई, उर्वरक वितरण और चकबंदी से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। जिला पंचायत सभागार में आयोजित किसान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की। इस दौरान किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित होने वाले किसान दिवस की शुरुआत पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा से हुई। साथ ही किसानों को कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।

बैठक में आदमपुर मौचड़ी के योगेश प्रधान ने कोऑपरेटिव सोसायटी में किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध न कराए जाने का मुद्दा उठाया। वहीं जंधेड़ी निवासी मनोज कुमार सैनी ने शिकायत की कि जानसठ कटका माइनर से उनके गांव में पिछले पांच वर्षों से सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा मुथरा निवासी सुदेश पाल एवं धुमन सिंह ने चकबंदी विभाग से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का व्यक्तिगत स्तर पर संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की आख्या जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए तथा उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी उपलब्ध कराई जाए।

एडीएम ने आगामी किसान समाधान दिवस में सभी विभागीय अधिकारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।

बैठक के अंत में किसानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments