रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पचेंडा पुल के पास हाईवे पर एक ट्रक से 174 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी कब्जे में ले लिया, जबकि ट्रक मालिक और उसका साथी आसिफ फरार हो गया।
थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पचेंडा पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। मेरठ की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया 174 किलो गांजा मिला। पुलिस ने ट्रक चालक रहीश निवासी भैसरहेड़ी, थाना छपार को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक से हरियाणा नंबर का वाहन (HR73A9532) भी बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में रहीश ने पुलिस को बताया कि ट्रक आसिफ निवासी भैसरहेड़ी का है। दोनों आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर ट्रक में छिपाकर लाते थे और मुजफ्फरनगर, शामली, रुड़की, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान आसिफ भी ट्रक में मौजूद था, जो रास्ते में उतरकर फरार हो गया।
पुलिस ने रहीश और फरार आसिफ के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश के साथ तस्करी के नेटवर्क और आगे-पीछे जुड़े लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(F) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा, उपनिरीक्षक संदीप सिंह धारीवाल, अनुभव चौधरी समेत नई मंडी थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

